राजकोट - दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे में बल्लेबाजों के शर्मनाक प्रदर्शन से भारत ने जीत के करीब पहुंच कर हार गले लगा ली। रविवार को राजकोट मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट खोकर 270 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 50 ओवर में छह विकेट खोकर 252 रन की बना सकी। एमएस धोनी और विराट कोहली ने धीमी पारियां खेली, जिसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा।
कोहली ने 99 गेंदों पर 77 रन की पारी खेली, वहीं धोनी ने 61 गेंदों का सामना करते हुए 47 रन बनाए। दूसरी ओर टीम इंडिया पर क्विंटन डी कॉक (103) का शतक और मोर्ने मोर्कल (10 ओवर, एक मेडन, 39 रन देकर चार विकेट) की धारदार गेंदबाजी भी भारी पड़ी। इस जीत के साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। चौथा मैच चेन्नई में 22 अक्तूबर को खेला जाएगा।