नई दिल्ली - भारतीय क्रिकेट टीम से लंबे समय से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज जहीर खान ने गुरुवार को अपने 15 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर तथा प्रथम श्रेणी क्रिकेट को अलविदा कह दिया। बेहद अप्रत्याशित तौर पर क्रिकेट को अलविदा कहने वाले जहीर ने ट्वीटर पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि मैं अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर को अलविदा कह रहा हूं, लेकिन मैं आईपीएल के नौंवे सत्र में खेलूंगा। 37 वर्षीय जहीर खान ने अंतरराष्ट्रीय वनडे करियर की शुरुआत तीन अक्तूबर 2000 को नैरोबी में केन्या के खिलाफ की थी।
उन्होंने पहला टेस्ट नवंबर 2000 में ढाका में बांग्लादेश के खिलाफ खेला था। भारत के सफलतम गेंदबाजों में शुमार जहीर ने 15 वर्ष के अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 92 टेस्ट मैचों में 32.94 की औसत से 311 विकेट लिए, वहीं उन्होंने वनडे के 200 मैचों में 282 विकेट और 17 ट्वेंटी-20 मैचों में 17 विकेट झटके। उन्होंने 169 प्रथम श्रेणी मैचों में 672 शिकार किए। हालांकि चोटों के कारण उनका करियर सबसे अधिक प्रभावित रहा।