नई दिल्ली - वित्त मंत्री अरुण जेटली ने गुरुवार को कहा कि रिजर्व बैंक ने अल्पकालिक नीतिगत दरों में कटौती कर अपना काम कर दिया है और अब बैंकों को मांग बढ़ाने तथा विकास को गति देने के लिए ब्याज दरों में कमी का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाना चाहिए। श्री जेटली ने कहा कि बैंक ब्याज दरों में हुई कटौती का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की प्रक्रिया में है। अब तक मामूली लाभ उपभोक्ताओं को दिया गया है। ब्याज दरों में कमी आने पर आवासों की मांग में तेजी आने की उम्मीद है।
वाहनो की मांग बढऩे लगी है। त्योहारी सीजन के मद्देनजर ऑटो कंपनियों द्वारा और नए मॉडल उतारे जाने की संभावना जताते हुए उन्होंने कहा कि इससे कुल मिलाकर मांग बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि रिजर्व बैंक ने निष्पक्षता से अपना काम किया है। रिजर्व बैंक अब तक 1.25 प्रतिशत की कटौती कर चुका है और अब सभी को यह मानना चाहिए कि केंद्रीय बैंक ने बहुत अच्छा काम किया है। अब भविष्य में ब्याज दरों में कटौती महंगाई के रुख पर निर्भर करेगा और हम सभी को रिजर्व बैंक के निर्णय पर भरोसा करना चाहिए।
श्री जेटली ने चालू वित्त वर्ष में बेहतर विकास की उम्मीद जताते हुए कहा कि पिछले वर्ष के विकास के आंकड़ों को पार करने की उम्मीद है और वर्तमान वैश्विक हालात की तुलना में इसे बेहतर माना जा सकता है। उन्होंने कहा कि लगातार दो वर्षों से मानसून के औसत से कम रहने से ग्रामीण क्षेत्रों में मांग चिंता का विषय है।