कोलकता - भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरा और अंतिम ट्वेंटी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच भारी बारिश के कारण रद्द् हो गया। इसी के साथ सीरीज में टीम इंडिया का सूपड़ा भी साफ हो गया। कोलकाता के ईडन गार्डन मैदान पर सीरीज के आखिरी टी-20 मुकाबले के लिए बारिश विलेन बन गई। इस तरह तीन टी-20 मैचों की सीरीज पर दक्षिण अफ्रीका ने 2-0 से कब्जा जमाया।
गुरुवार रात साढ़े नौ बजे अंपायर एके चौधरी और विनीत कुलकर्णी तथा मैच रैफरी क्रिस ब्राड के साथ पिच का निरीक्षण किया, लेकिन मैदान के अधिक गीला होने की वजह से मैच रद्द कर दिया। गुरुवार शाम को बारिश होने के कारण बहुत कम दर्शक स्टेडियम पहुंचे हैं। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली के अलावा बाकी खिलाड़ी भी मैदान पर नहीं उतरे तथा मैदान कर्मी दो सुपरसोपर्स के जरिए उसे सुखाने में लगे रहे। अब पांच मैचों की वनडे सीरीज 11 अक्तूबर से शुरू होगी। 11 अक्तूबर को पहला मैच ग्रीन पार्क कानपुर में खेला जाएगा।