कोलकाता - धर्मशाला और कटक में बेहद खराब प्रदर्शन से सीरीज गंवा चुकी महेंद्र सिंह धोनी की सेना कोलकाता के ईडन गार्डन मैदान में गुरुवार को जब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे और आखिरी ट्वेंटी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में खेलने उतरेगी तो उसका एकमात्र लक्ष्य अपना खोया सम्मान बचाना होगा। भारतीय टीम को अपने मैदान में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा था।
दक्षिण अफ्रीका ने सीरीज की शुरुआत से पहले भारत-ए के खिलाफ अभ्यास मैच गंवा दिया था, लेकिन उसके बाद उसने धर्मशाला में भारतीय टीम को सात विकेट से और फिर कटक में छह विकेट से धो दिया। सीरीज से पहले भारत का ट्वेंटी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रिकार्ड 6-2 था, जो अब घटकर 6-4 रह गया है। सीरीज में 0-2 से पिछडऩे के कारण भारतीय टीम ट्वेंटी-20 रैंकिंग में भी दो स्थान गिरकर छठे नंबर पर खिसक गई है।
भारतीय टीम भले ही दक्षिण अफ्रीका से टी-20 क्रिकेट शृंखला हार गई हो, लेकिन अनुभवी स्पिनर हरभजन सिंह ने बुधवार को कहा कि अभी मेजबान को चुका हुआ नहीं कहा जा सकता और गुरुवार को तीसरे तथा आखिरी मैच में वे वापसी कर सकते हैं। हरभजन ने कहा कि एक बार जीत की शुरुआत होने पर हमें हराना कठिन होगा।
लगातार दो मैचों में मिली जीत से उत्साहित दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज डेविड मिलर ने कहा कि उनकी टीम गुरुवार को आखिरी टी-20 क्रिकेट मैच जीतकर भारत का सूपड़ा साफ करने के इरादे से ही उतरेगी। मिलर ने कहा कि हमारी तैयारी अच्छी है और उम्मीद है कि हम इस लय को कायम रखेंगे और 3-0 से क्लीन स्वीप करेंगे।