वाशिंगटन - अमरीका में क्रिकेट को लोकप्रिय बनाने के प्रयास में सचिन तेंदुलकर और महान स्पिनर शेन वार्न समेत कई दिग्गज खिलाड़ी नवंबर में इस देश में टी-20 क्रिकेट खेलेंगे। वॉल स्ट्रीट जरनल की रिपोर्ट के मुताबिक दो दर्जन से ज्यादा विश्व के मशहूर क्रिकेट खिलाड़ी तीन बी-लीग बेसबाल स्टेडियम में खेलेंगे। इसमें खिलाड़ी सात नवंबर को सिटी फील्ड, 11 नवंबर को ह्यूसटन के मिनट मेड पार्क और 14 नवंबर को लॉस एंजल्स के डॉजर स्टेडियम में मैच खेलेंगे।
महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के हवाले से एक अखबार ने कहा कि हम यहां खेलकर अपना प्रभाव छोडऩा चाहते हैं। हम लोगों का मनोरंजन करके उन्हें अच्छी यादें देना चाहते हैं, ताकि क्रिकेट में उनकी दिलचस्पी बढ़े। तेंदुलकर और वार्न के अलावा पाकिस्तान के वसीम अकरम, वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा, दक्षिण अफ्रीका के जैक कैलिस, इंग्लैंड के माइकल वॉन और श्रीलंका के महेला जयवर्द्धने भी खेलेंगे।