कटक - कटक के बाराबती स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए दूसरे ट्वंटी-20 मुकाबले के दौरान दर्शकों के उपद्रव मचाने की क्रिकेट जगत में कड़ी आलोचना की जा रही है। पूर्व भारतीय दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने जहां इस स्टेडियम में अगले दो वर्षों तक एक भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच नहीं कराए जाने की वकालत की है तो वहीं भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह ने भी दर्शकों के उत्पात की कड़े शब्दों में निंदा की है। युवराज ने ट्विटर पर कहा, बेहद दुर्भाग्यपूर्ण। जब हम जीतते हैं तो सब कुछ सही रहता है और जब हम हारेंगे तो आप ऐसा बर्ताव करेंगे।
कृपया अपने देश के क्रिकेटरों को थोड़ा सम्मान दो और इस खेल का भी सम्मान करो। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डू प्लेसिस ने भी इस वाकये पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा, यह देखकर अच्छा नहीं लगा। मैंने भारत में पांच-छह वर्षों से क्रिकेट खेली है और ऐसा देखने के बाद मुझे नहीं लगता कि यह क्रिकेट के लिए अच्छा है। यह दोबारा नहीं होना चाहिए। मैं उम्मीद करता हूं कि भारत दौरे पर यह पहली और आखिरी घटना होगी। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने कहा कि कटक को अगले कुछ वर्षों तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच की मेजबानी नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कटक में बेहद खराब दृश्य।
एक आसान सजा यही है कि अगले कुछ वर्षों के लिए कटक को अंतरराष्ट्रीय मैच की मेजबानी न दी जाए। भारत में और भी बहुत से क्रिकेट स्टेडियम हैं। पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा ने कहा, हर जगह कुछ ‘पागल’ होते हैं और कुछ इस स्टेडियम में उपद्रव कर रहे हैं। वी रमन ने भी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, फैंस खिलाडिय़ों को हीरो बनाते हैं, लेकिन ऐसे बर्ताव से तो वे देश का सिर दुनिया के सामने नीचा कर रहे हैं।