लंदन - रूस के अन्य तेल उत्पादक देशों के साथ बाजार स्थिति पर चर्चा के लिए सहमति जताए जाने से सोमवार को कच्चे तेल में तेजी दर्ज की गई। ब्रेंट क्रूड 70 सेंट यानी 1.45 प्रतिशत बढक़र 48.83 डालर प्रति बैरल पर पहुंच गया। पिछले कारोबारी दिवस में इसमें 44 सेंट की मजबूती रही थी। अमरीकी क्रूड भी 55 सेंट तेज होकर 46.09 डालर प्रति बैरल पर पहुंच गया। विश्लेषकों ने कहा कि रूस द्वारा बाजार की स्थिति के संबंध में अन्य उत्पादक देशों से चर्चा पर सहमति जताने से कच्चे तेल को समर्थन मिला है।
उसने पिछले साल नवंबर में इस विषय पर चर्चा करने से इनकार कर दिया था। वह प्रमुख तेल उत्पादक देशों के समूह ओपेक के साथ ही दूसरे तेल उत्पादकों से भी चर्चा करेगा। इस महीने के अंत में उसकी सऊदी अरब के साथ भी द्विपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि अमरीका में लगातार पांचवें सप्ताह कच्चे तेल का उत्पादन में कमी आने से भी इसे मजबूती मिली है। इसके अलावा सीरिया में रूस के हवाई हमले शुरु होने से बढ़े संकट ने भी इसकी कीमतों पर सकारात्मक प्रभाव डाला है।