धर्मशाला - भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच धर्मशाला की खूबसूरत वादियों में शुक्रवार को होने वाले पहले ट्वेंटी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के जरिए देवभूमि हिमाचल पूरी तरह से क्रिकेटमय हो जाएगी। एचपीसीए स्टेडियम की उछाल भरी पिच और सुहावने मौसम में गांधी-मंडेला सीरीज के आगाज पर कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन ट्वेंटी-20 मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले से 72 दिन के रोमांचक संघर्ष की दिशा भी तय हो जाएगी।
भारत ने हालांकि पिछले 12 महीनों में सिर्फ दो ट्वेंटी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, लेकिन उसके अधिकतर खिलाडिय़ों को आईपीएल में क्रिकेट के सबसे छोटे 20-20 प्रारूप में खेलने का काफी अनुभव है। न केवल भारतीय खिलाड़ी, बल्कि दक्षिण अफ्रीका के भी कई खिलाड़ी इस वर्ष आईपीएल में खेल चुके हैं और एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते हैं। शुक्रवार शाम सात बजे से धर्मशाला स्टेडियम में मौजूद 21 हजार दर्शकों के अलावा देश भर के करोड़ों लोग अपने टीवी सेटों के साथ चिपक जाएंगे।
भारत : महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), आर अश्विन, स्टुअर्ट बिन्नी, शिखर धवन, हरभजन सिंह, विराट कोहली, भुवनेश्वर कुमार, अमित मिश्रा, अक्षर पटेल, अजिंक्या रहाणे, सुरेश रैना, अंबाती रायुडू, मोहित शर्मा, रोहित शर्मा व श्रीनाथ अरविंददक्षिण अफ्रीका : फाफ डू प्लेसिस (कप्तान), हाशिम अमला, फरहान बेहारडिएन, क्विंटन डी काक, मर्चेट डी लांगे, एबी डीविलियर्स, जेपी डुमिनी, इमरान ताहिर, एडी लिली, डेविड मिलर, एल्बी मोर्कल, क्रिस मोरिस, कागिसो रबांदा और खाया जोंडो