एडिलेड - भारत के शीर्ष बिलियर्ड्स खिलाड़ी पंकज आडवाणी ने अपने शानदार करियर में एक और उपलब्धि जोड़ते हुए रविवार को आईबीएसएफ विश्व बिलियर्ड्स चैंपियनशिप के रूप में 14वां विश्व खिताब अपने नाम कर लिया। 30 वर्षीय आडवाणी ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी सिंगापुर के पीटर गिलक्रिस्ट को 2408-1240 अंकों के बड़े अंतर मात देकर खिताब अपने नाम कर लिया। आडवाणी ने मैच में 127, 360, 301, 284, 124, 101, 106, 171, 114 और 430 के ब्रेक लगाए, जबकि गिलक्रिस्ट ने 102, 156, 249, 107 और 198 के ब्रेक लगाए।
वर्ष के 6-रेड स्नूकर विश्व चैंपियन आडवाणी ने पांच घंटे तक चले फाइनल मुकाबले में शुरुआती बढ़त लेते हुए सेंचुरी ब्रेक (127) ठोंक डाला। इसके बाद उन्होंने लगातार दो ट्रिपल सेंचुरी ब्रेक (360 और 301) लगाकर मुकाबले को काफी हद तक अपने पक्ष में मोड़ लिया। वह यहीं नहीं रुके और 284, 119, 101, 106 सेंचुरी ब्रेक जड़ मुकाबले के हाफ तक अपनी बढ़त 1100 अंकों की कर ली। गिलक्रिस्ट ने आडवाणी को थोड़ी चुनौती देने की कोशिश भी की, लेकिन कामयाब साबित नहीं हो सके।