धर्मशाला - दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीम के खिलाफ दो अक्तूबर से शुरू हो रही मैराथन सीरीज को ध्यान में रखते हुए टीम इंडिया अपनी तैयारी में कोई कसर नहीं छोडऩा चाहती। इसलिए टीम इंडिया अब सोमवार को धर्मशाला पहुंचेंगी। इससे पहले भारतीय टीम का 30 सितंबर को धर्मशाला पहुंचने का प्लान था, लेकिन हिमाचल के हालात से तालमेल बिठाने के लिए टीम मैच से चार दिन पहले ही यहां पहुंचेगी। देवभूमि में सोमवार को 11 बजे धोनी बिग्रेड धर्मशाला के गगल एयरपोर्ट में पहुंच जाएगी। विशेष चार्टर्ड विमान सेगगल एयरपोर्ट में टीम इंडिया को लाया जाएगा।
गगल एयरपोर्ट में महात्मा गांधी-नेल्सन मंडेला सीरीज खेलने के लिए धर्मशाला पंहुच रही भारत टीम का भव्य स्वागत एचपीसीए पदाधिकारियों द्वारा किया जाएगा। एचपीसीए के प्रेस सचिव मोहित सूद ने बताया कि एचपीसीए के कंडी स्थित दि पैवेलियन होटल में टीम के सभी खिलाड़ी ठहरेंगे। महात्मा गांधी-नेल्सन मंडेला सीरीज का आगाज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में दो अक्तूबर को महात्मा गांधी के जन्म दिवस पर होगा। स्पेशल चार्टर्ड विमान से गगल एयरपोर्ट में पहुंचने के बाद स्पेशल लग्जरी बसों से कंडी स्थित होटल दि पैवेलियन में पहुंचाया जाएगा। ‘बूट कैंप’ शास्त्री का प्लानइससे पहले टीम इंडिया को पहले यहां 30 सितंबर को पहुंचना था, लेकिन दो दिन के बूट कैंप के लिए वह अब धर्मशाला तय समय से दो दिन पहले पहुंच रही है।
बूट कैंप का विचार टीम के निदेशक रवि शास्त्री का है, जिनका मानना है कि इसे आयोजित करने का उद्देश्य खिलाडिय़ों को मानसिक रूप से मजबूत बनाकर उनकी संघर्ष करने की क्षमता बढ़ाना है। कैंप में दो दिनों तक सभी खिलाड़ी आर्मी स्टाइल में ट्रेनिंग करेंगे। इसमें ऊंचे स्थान पर ट्रैकिंग और बाधाओं को पास करने का कोर्स शामिल है। ये सब कुछ समुद्र से 7000 फुट की ऊंचाई पर होगा। एचपीसीए के प्रवक्ता मोहित सूद ने बताया कि हमने शिविर के लिए पूरी तैयारियां कर लीं है।