नई दिल्ली - दोपहिया एवं तिपहिया वाहन बनाने वाली देश की प्रमुख कंपनी बजाज ऑटो ने आरई 60 नाम से पहले पेश की गई क्वाड्रिसाइकिल को लेकर देश में चल रही अदालती लड़ाई के बीच इसे क्यूट नाम से दुनिया के 16 देशों में निर्यात करने की घोषणा की है। कंपनी ने कहा है कि नीदरलैंड स्थित आरडीडब्ल्यू द्वारा यूरोपीय पूर्ण वाहन श्रेणी की मान्यता मिलने के बाद क्यूट को 16 देशों में निर्यात करने का निर्णय लिया है। कंपनी ने इस वाहन का दुनिया के कई देशों में प्रदर्शन किया जहां लोगों ने इसे काफी सराहा।
इसके मद्देनजर इसका निर्यात शुरू किया जा रहा है। क्यूट में नया वाटर कूल्ड डीटीएसआई चार वाल्व इंजन है, जो 36 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज देता है और इसकी अधिकतम गति 70 किलोमीटर प्रति घंटा है। यह बेहद हल्की है और चलाने में भी आसान है। यह बहुत ही कम 66 ग्राम प्रति किलोमीटर कार्बन उत्सर्जन करता है। क्यूट को सस्ते सार्वजनिक परिवहन को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है, जिसमें आकार, वजन, कम लागत और रफ्तार इन सभी चीजों का ध्यान रखा गया है।