नयी दिल्ली - भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को 12 सदस्यीय भारत ए अभ्यास मैच टीम की घोषणा कर दी है। यह टीम 29 सितंबर को पालम में द. अफ्रीका के खिलाफ मुख्य सीरीज से पहले एकमात्र ट्वंटी-20 अभ्यास मैच खेलेगी। दक्षिण अफ्रीका और भारत के बीच 3 मैचों की ट्वंटी-20 सीरीज से पहले पालम में 29 सितंबर को मेहमान टीम भारत ए टीम के साथ एक अभ्यास मैच खेलेगी। दक्षिण अफ्रीकी टीम 72 दिनों तक चलने वाले भारत दौरे में 3 ट्वंटी 20, 5 वनडे और 4 टेस्टों की सीरीज खेलेगी। अभ्यास मैच में भारत ए की कप्तानी मनदीप सिंह को सौंपी गई है।
इस मुकाबले में कई ऐसे चेहरे शामिल हैं जिन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। मुंबई के आलराउंडर हार्दिक पटेल, रायल चैलेंजर्स बेंगलुर के लेग स्पिना युजवेंद्र चहल को भी भारत ए में मौका दिया गया है। मेहमान टीम को पहले अपना ट्वंटी-20 अभ्यास मैच दिल्ली जिला एवं क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के मैदान पर खेलना था, लेकिन डीडीसीए में आंतरिक विवाद के बाद बीसीसीआई को यह मैच पालम स्टेडियम में कराना पड़ रहा है।
भारत के साथ 2 अक्तूबर से शुरू होने जा रही ट्वंटी-20 सीरीज से पहले यह दक्षिण अफ्रीकी टीम के लिये एकमात्र अभ्यास मैच होगा। सीरीज का पहला मैच धर्मशाला में खेला जाएगा। भारत ए टीम इस प्रकार है- मनदीप सिंह(कप्तान), मयंक अग्रवाल, मनन वोहरा, मनीष पांडे, सूर्य कुमार यादव, संजू सैमसन(विकेटकीपर), हार्दिक पटेल, रिषी धवन, अनुरीत सिंह, युजवेंद्र चहल, पवन नेगी, कुलदीप यादव।