मुंबई - एशियाई बाजारों के मिले-जुले रहने के बीच घरेलू स्तर पर पावर क्षेत्र की कंपनियों में हुई लिवाली के बावजूद आज बीएसई का सैंसेक्स 25.93 अंक लुढक़कर 26192.98 अंक पर तथा नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 4.8 अंक गिरकर 7977.10 अंक पर रहा। बीएसई में जहां दिग्गज कंपनियों में बिकवाली का दबाव देखा गया वहीं छोटी और मझौली कंपनियों में लिवाली का जोर रहा है जिससे मिडकैप और स्मालकैप समूह की कंपनियों ने शेयर बाजार में बडी गिरावट को थामने का काम किया।
पावर , बैंकिंग एवं पूंजीगत वस्तुओं के समूह में सर्वाधिक लिवाली हुई। एफएमसीजी, तेल एवं गैस, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और धातु को छोडक़र सभी अन्य क्षेत्र हरे निशान में रहे। बीएसई का सेंसेक्स पिछले दिवस के 26218.91 अंक की तुलना में गिरकर 26107.98अंक पर खुला और शुरूआती कारोबार में ही यह 25972.54 अंक के निचले स्तर तक फिसल गया। पावर एवं बैंकिंग समूह में हुई लिवाली के बल पर यह कारोबार के दौरान 26233.46 अंक के उच्चतम स्तर तक चढा लेकिन आखिर में पिछले दिवस की तुलना में 25.93 अंक अर्थात 0.10 फीसदी गिरकर 26192.98 अंक पर रहा। इसी तरह से एनएसई का निफ्टी 70 अंकों की गिरावट लेकर 7911.50 अंक पर खुला और बिकवाली के दबाव में यह 7908.35 अंक के निचले स्तर तक लुढका।
इस दौरान यह लिवाली के बल पर 7987.90 अंक के उच्चतम स्तर तक चढ़ा लेकिन अंत में यह पिछले दिवस के 7981.90 अंक की तुलना में 0.06 प्रतिशत अर्थात 4.80 अंक गिरकर 7977.10 अंक पर रहा। बीएसई का मिडकैप 46.73 अंक यानि 0.44 प्रतिशत मजबूत होकर 10692.79 अंक पर तथा स्मॉलकैप 131.24 अंक यानि 1.21 प्रतिशत उछलकर 10935 अंक पर बंद हुआ। बीएसई में कुल 2769 कंपनियों में कारोबार हुआ जिसमें 1604 कंपनियां बढ़त में तथा 1032 गिरावट में रहीं जबकि133 में कोई बदलाव नहीं हुआ।