जम्मू - जम्मू-कश्मीर सरकार ने राज्य में अंबुजा सीमेंट की बिक्री पर रोक लगा दी है। जांच के दौरान सीमेंट के कट्टों में कम वजन और सीमेंट के अलग-अलग जगहों पर दाम में फर्क के कारण जम्मू में बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। मंत्री चौधरी जुल्फकार अली ने संवाददाताओं से कहा, कि जम्मू में अंबुजा सीमेंट काफी महंगे दाम पर बेचा जा रहा है। जबकि आस-पास के राज्य पंजाब के पठानकोट में इसका दाम काफी कम है। पठानकोट से कठुआ और जम्मू की दूरी इतनी नहीं है कि दामों में इतनी बढ़ोत्तरी हो। यह कदम कंपनी के खिलाफ कदाचार की शिकायतें मिलने के बाद उठाए गए हैं।
अली ने बताया कि जांच के दौरान अंबुजा सीमेंट का पचास किलो का कट्टा 335 रुपए में बेचा जा रहा है। जबकि जम्मू में 437.70 रुपए प्रति कट्टा बेचा जा रहा है। वहीं, कश्मीर में सीमेंट सस्ता बेचा जा रहा था। क्योंकि घाटी में अंबुजा को एक स्थानीय कंपनी कड़ी टक्कर दे रही थी। जिसके कारण वहां पर अंबुजा सीमेंट 346.63 रुपए प्रति कट्टा बिक रहा था। इसी के साथ ही विभाग ने जब सीमेंट बैक का वजन करवाया तो पचास किलो के प्रत्येक कट्टे में 400 से 600 ग्राम सीमेंट कम पाया गया था और कई जानकारियां भी कट्टे पर प्रिंट नहीं थी। इस तमाम खामियों को देखते हुए विभाग ने अंबुजा सीमेंट की बिक्री पर रोक लगा दी है।