बंगलूर - पंजाब के गुरकीरत सिंह मान (65 रन और 29 रन पर पांच विकेट) और हिमाचली आलराउंडर ऋषि धवन (नाबाद 56 रन और 51 रन पर दो विकेट) के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत भारत-ए ने बांग्लादेश-ए को बुधवार को एकतरफा अंदाज में 96 रन से पीटकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। भारत-ए ने ओपनर मयंक अग्रवाल (56), विकेटकीपर संजू सैमसन (73), गुरकीरत (65) और हिमाचल के मंडी से युवा क्रिकेटर ऋषि धवन (नाबाद 56) के शानदार अर्द्धशतकों से निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट पर 322 रन का विशाल स्कोर बनाया, जिसके जवाब में बंगलादेश का संघर्ष 42.3 ओवर में 226 रन पर दम तोड़ गया।
25 वर्षीय गुरकीरत ने अर्द्धशतक बनाने के बाद अपनी ऑफ स्पिन गेंदों का कमाल दिखाते हुए 7.3 ओवर में मात्र 29 रन देकर पांच विकेट झटक लिए। श्रीनाथ अरविंद ने आठ ओवर में 29 रन पर तीन विकेट और धवन ने आठ ओवर में 51 रन पर दो विकेट लिए। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर बांग्लादेश-ए टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। स्टार बल्लेबाज सुरेश रैना 28 गेंदों में 16 रन ही बना सके और नासिर हुसैन ने उन्हें पगबाधा कर दिया। भारत ने 17वें ओवर तक अपने चार विकेट मात्र 76 रन तक गंवा दिए। गुरकीरत मात्र 58 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 65 रन ठोंकने के बाद अराफात सनी की गेंद पर पगबाधा हुए। इसके बाद संजू सैमसन ने 76 गेंदों पर 73 रन में आठ चौके लगाए, जबकि हिमाचल से आलराउंडर ऋषि धवन ने मात्र 34 गेंदों पर नाबाद 56 रन में आठ चौके और दो छक्के उड़ाए। बांग्लादेश की टीम बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए अरविंद और धवन के शुरुआती पांच झटकों के बाद संभल नहीं पाई।