फ्रैंकफर्ट-जर्मनी की कंपनी बीएमडब्ल्यू के सीईओ हैराल्ड क्रूगर मंगलवार को फ्रैंकफर्ट में आयोजित आईएए ऑटो शो के दौरान एक प्रेस ब्रीफिंग में अचानक चक्कर आने से बेहोश होकर गिर गये, जिसकी वजह से प्रेज़ेंटेशन रोकना पड़ा। कंपनी की लेटेस्ट कार के बारे में प्रेज़ेंटेशन दे रहे 49 वर्षीय हैराल्ड क्रूगर को इस वाकये के बाद उनके सहायक वहां से ले गये। क्रूगर ने इसी साल मई माह में कंपनी का शीर्ष पद संभाला था।
बीएमडब्ल्यू ने कहा है कि उनके सीईओ को चक्कर आ गये थे, क्योंकि वह सुबह ही विदेश यात्रा से लौटे थे, और उसी समय से ठीक महसूस नहीं कर रहे थे। बयान में यह भी कहा गया है कि प्राथमिक जांच के बाद सब कुछ ठीक पाया गया है, और क्रूगर बेहतर महसूस कर रहे हैं। आईएए ऑटो शो मंगलवार को ही प्रेस टूर के साथ शुरू हुआ है। इसमें 1,000 से ज्यादा कार कंपनियां शामिल हो रही हैं, जिनमें बीएमडब्ल्यू के अलावा फॉक्सवैगन और डाइमलर का काफी बड़ा हिस्सा है।