मुंबई - कॉमेडियन भारती सिंह उन सेलिब्रिटीज में शामिल हो गई हैं जिन्होंने ‘आई कैन डू दैट’ कहकर एक नई चुनौती स्वीकार की है। ज़ी टीवी के नये शो ‘आई कैन डू दैट’में फिल्मी क्षेत्र की 12 हस्तियां भाग लेंगी जिसमें वे अपने सहज दायरे से बाहर आकर दिलचस्प और अभूतपूर्व मनोरंजक एक्ट्स प्रस्तुत करेंगे।
भारती ने कहा, ‘मैं ऐसा शो करना चाहती थी जो चैलेंजिंग हो। चूंकि इसमें ऐसे बहुत सारे काम शामिल थे जो मैंने इससे पहले कभी नहीं किए, तो ऐसे में यह न सिर्फ अलग होगा बल्कि पेशेवर रूप से भी चुनौती भरा होगा। लोग मुझे एक कॉमेडियन के रूप में जानते हैं लेकिन मैंने डांस रियलिटी शो में भी खुद को साबित किया है, और अब यह भारती सिंह का नया अवतार होगा।
इजऱाइल की कंपनी अरमोज़ा फॉर्मेट्स की ओर से विकसित किया गया यह शो दुनिया भर में सफलता हासिल कर चुका है। रूस, अमेरिका, इटली और बुलगारिया में जबर्दस्त सफलता के बाद अब यह शो भारतीय दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। फरहान अख्तर इस शो को होस्ट करेंगे।