नई दिल्ली - महान फुटबाल खिलाड़ी और किंग आफ फुटबाल के नाम से मशहूर पेले एक बार फिर 38 साल बाद अक्तूबर में भारत के दौरे पर आएंगे। फुटबाल इतिहास के महानतम खिलाड़ी माने जाने वाले एडसन अरांतेस डो नसीमेंटो (पेले) अक्तूबर में सुब्रतो कप 2015 के 56वें टूर्नामेंट के फाइनल के दौरान विशेष दूत के तौर पर राजधानी में आएंगे।
ब्राजील का 74 साल का यह पूर्व खिलाड़ी इससे पहले 1977 में न्यूयार्क कोसमोस के साथ मोहन बागान के खिलाफ प्रदर्शनी मैच खेलने भारत आया था। वीडियो संदेश के जरिये अपने दौरे की पुष्टि करते हुए पेले ने कहा, ‘मैं सुब्रतो कप में हिस्सा ले रहे युवा फुटबालरों से मिलने और दुनिया के सबसे महानतम खेल का भारत के बच्चों के साथ जश्न मनाने को लेकर उत्सुक हूं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं भारतीय वायुसेना की कड़ी मेहनत से प्रभावित हूं जो युवाओं को एक साथ लाने वाले इतने बड़े फुटबाल टूर्नामेंट को निखार रहा है।
मैं उम्मीद करता हूं कि मेरा दौरा इन कल के चैंपियनस को प्रेरित करेगा। इस तरह की भी अटकलें हैं कि पेले इंडियन सुपर लीग में एटलेटिकोडि कोलकाता के पहले मैच के ‘गेस्ट आफ आनर’होंगे और पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली से भी मिलेंगे। ‘ब्लैक पर्ल’के रूप में पहचान बनाने वाले पेले ने एक बार फीफा के सर्वश्रेष्ठ फुटबालर का बेलोन डियोर पुरस्कार जीता जबकि वह तीन बार विश्व चैंपियन टीम का हिस्सा रहे और अपने करियर में उन्होंने 1283 गोल दागे। पेले ने कहा, ‘इस दौरे पर आना मेरे लिए सम्मान की बात है।