नई दिल्ली - देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी की बिक्री अगस्त महीने में 6.4 प्रतिशत बढक़र एक लाख 17 हजार 864 इकाई पर पहुंच गई। कंपनी ने पिछले साल अगस्त में एक लाख 10 हजार 776 वाहन बेचे थे। कंपनी ने बताया कि घरेलू बाजार में उसकी बिक्री 8.6 फीसदी बढक़र 106781 पर पहुंच गई। आलोच्य महीने में छोटी, सुपर कॉम्पैक्ट और मध्यम आकार की कारों की बिक्री में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
जबकि कॉम्पैक्ट कारों की बिक्री में गिरावट रही। छोटी कारों (ऑल्टो और वैगनआर) की बिक्री 8.6 प्रतिशत बढक़र 37665, सुपर कॉम्पैक्ट कार डिजायर टूअर की बिक्री 138.9 प्रतिशत बढक़र 3172 तथा मध्यम आकार के कारों (सियाज और एसएसक्स-4) की बिक्री 50 से बढक़र 4156 इकाई पर पहुंच गई। कॉम्पैक्ट कारों में स्विफ्ट, रिज, सेलेरियो और डिजायर की बिक्री 11.3 प्रतिशत घटकर 41461 रह गई। उपयोगी वाहनों (जिप्सी, एर्टिगा और एसक्रॉस) की बिक्री 42.7 फीसदी बढक़र 7836 तथा वैनों (ओमिनी और इको) की बिक्री 25 फीसदी बढक़र 12491 इकाई रही।