मुबंई - फिल्मों की जानीमानी अभिनेत्री इलियाना डिक्रूज ने बॉलीवुड फिल्मों से कुछ अलग करने की चाह में ब्रेक लिया है। इलियाना डिक्रूज ने वर्ष 2012 में प्रदर्शित फिल्म बरफी से बालीवुड में अपने करियर की शुरुआत की थी । रणबीर कपूर और प्रियंका चोपड़ा जैसे एक्टर्स के बीच उन्होंने इस फिल्म में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई थी। हालांकि इसके बाद इलियाना की मैं तेरा हीरो, फटा पोस्टर निकला हीरो और हैप्पी एंडिंग जैसी फिल्में कुछ खास नहीं कर पाईं और इनके साथ ही इलियाना डिक्रूज भी कहीं गुम सी हो गईं। इलियाना अंतिम बार फिल्म हैप्पी एंडिंग में नजर आई थीं।
इलियाना ने कहा कि उन्होंने हैप्पी एंडिंग के बाद कोई फिल्म ही नहीं साइन की। उन्होंने कहा कि उन्हें जिस तरह की फिल्में मिल रही हैं, उनसे वह खुश नहीं हैं और इसलिए वो उन्हें ठुकराती जा रही हैं। इलियाना ने कहा कि मैं एक स्मॉल ब्रेक पर हूं, क्योंकि मैं कुछ अलग करना चाहती हूं। जिस तरह के ऑफर्स मुझे मिल रहे थे, वो ऐसे नहीं थे जिन्हें मैं करना चाहती हूं। इसलिए मैंने सोचा कि मुझे थोड़ा इंतजार करना चाहिए। अब जाकर कुछ दिलचस्प ऑफर्स मिले हैं, लेकिन अभी भी कुछ कन्फर्म नहीं है।