नई दिल्ली - देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से नवाजी गई विश्व की शीर्ष महिला टेनिस युगल खिलाड़ी सानिया मिर्जा का कहना है कि वह भारत की बेटी हैं और इस देश में बेटियों को प्यार किया जाता है। सानिया को टेनिस में उनकी शानदार कामयाबी को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रपति भवन में खेल दिवस के अवसर पर आयोजित एक भव्य आयोजन में राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के हाथों सर्वोच्च खेल रत्न पुरस्कार से नवाजा गया था।
पुरस्कार मिलने के बाद बेहद खुश सानिया ने कहा कि प्रतिष्ठित खेल रत्न देश का सर्वोच्च पुरस्कार है और इससे सम्मानित होना मेरे लिए बेहद गर्व और सम्मान की बात है। पुरस्कार मिलने से मैं बेहद उत्साहित हूं और निश्चित रूप से इससे मुझे आगामी टूर्नामेंटों और अगले साल होने वाले रियो ओलंपिक में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरणा मिलेगी। यह वर्ष मेरे लिए बेहद शानदार रहा है।