नई दिल्ली - वैश्विक स्तर पर पीली धातु में पांच सप्ताह की सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट के साथ स्थानीय मांग कमजोर पडऩे से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने में 10 महीने और चांदी में छह महीने की सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट दर्ज की गई। सप्ताह के दौरान सोना 725 रुपए लुढक़कर 26700 रुपए प्रति दस ग्राम तथा चांदी 1800 रुपए फिसलकर 34800 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। विदेशों में भी दोनों कीमती धातुओं में नरमी रही। लंदन से जानकारी के अनुसार सोना हाजिर 25.01 डालर गिरकर 1133.30 डालर प्रति औंस पर आ गया।
यह इसकी पांच सप्ताह की सबसे बड़ी और इस साल की तीसरी सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट है। अमरीकी सोना वायदा भी 27.10 डालर उतरकर 1132.50 डालर प्रति औंस बोला गया। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि सप्ताह के दौरान पहले दिन शेयर बाजारों के लुढक़ने से हालांकि सोने को बल मिला था, लेकिन इसके बाद शेयरों में लौटी तेजी ने निवेशकों को एक बार फिर सुरक्षित धातु से विमुख किया। साथ ही अमरीका से दूसरी तिमाही में सकल घरेलू उत्पाद के मजबूत आंकड़े आने से भी सोने पर दबाव बढ़ा है।