लंदन 6 मार्च: ब्रिटेन के व्यापार मंत्री विंस केबल ने गृह मंत्रालय से भारत व चीन सहित अन्य अंतररराष्ट्रीय आगंतुकों के लिए वीजा नियमों में ढील देने की अपील की है ताकि देश में निवेश को बल मिले. केबल भारत जैसे देशों से आने वाले विदेशी नागरिकों के साथ जुडे आर्थिक लाभों को ध्यान में रखते हुए सरकार की आव्रजन नीतियों के हमेशा से ही आलोचक रहे हैं.
केबल ने कल नेशनल एशियन बिजनेस एसोसिएशन के साथ भोज में कहा, रोजगार सृजन तथा राष्ट्रीय आर्थिक सुधार के लिए उनकी वृद्धि अनिवार्य है. ब्रिटेन में लगभग 50,000 ब्रितानी एशियाई व्यावसायी हैं. टाटा ग्रुप देश का यहां का सबसे बडा विनिर्माता है और इस क्षेत्र में सबसे बडा नियोक्ता है. उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के आंकडों में हाल ही में संकेत दिया गया था कि ब्रिटेन में अध्ययन तथा काम के लिए आने वाले भारतीयों की संख्या घटी है.