बीजिंग - राष्ट्रमंडल खेलों के डिस्कस थ्रो के मौजूदा चैंपियन विकास गौड़ा ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गुरुवार को अपना शानदार प्रदर्शन दिखाते हुए इस स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया। पिछली दो बार भी गौड़ा फाइनल तक पहुंचे थे। पदक के लिए भारत की सबसे बड़ी उम्मीद कहे जा रहे विकास ने पुरुषों के क्वालिफाइंग राउंड में 63.86 मीटर की थ्रो की और फाइनल में प्रवेश कर लिया। इस स्पर्धा का फाइनल 29 अगस्त को होगा। विकास ने ग्रुप-ए में पहले ही प्रयास में 63.86 मीटर दूरी तक चक्का फेंककर फाइनल में स्थान बनाया।
उन्होंने दूसरे प्रयास में 63.84 मीटर की दूरी तय की, जबकि उनका तीसरा प्रयास असफल रहा। अमरीका में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विकास अपने ग्रुप में चौथे स्थान पर रहे। अमरीका में अपनी ट्रेनिंग सेटर से सीधे बीजिंग पहुंचे विकास के ग्रुप में उनसे ऊपर तीन खिलाड़ी रहे। जमैका के फेड्रिक डेसर्स ने 65.77 मीटर, पोलैंड के पियोत्र मलाचोव्स्की ने 65.59 मीटर जबकि साइप्रस ने के एपोस्तोलोस पैरेल्लिस ने 64.41 मीटर की दूरी तय की। ऑटोमेटिक क्वालिफिकेशन के लिए जरूरी 65 मीटर की दूरी सिर्फ दो खिलाड़ी हासिल तय कर पाए। यदि क्वालिफाइंग राउंड को देखा जाए तो गौड़ा से बेहतर प्रदर्शन सिर्फ छह खिलाडिय़ों का रहा।
विकास ने गत विश्व चैंपियनशिप में भी भागीदारी की थी और तब 15 सदस्यीय भारतीय टीम में वही एकमात्र ऐसे एथलीट थे, जो अपनी स्पर्धा के फाइनल में पहुंचे थे। विकास ने उस समय सातवां स्थान हासिल किया था। पुरुष डिस्कस थ्रो में विश्व रिकार्ड 70.17 मीटर का है, जबकि इस वर्ष का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 68.29 मीटर चल रहा है।