नई दिल्ली - वैश्विक स्तर पर पीली धातु में बुधवार को आर्ईपांच सप्ताह की सबसे बड़ी गिरावट तथा स्थानीय स्तर पर कमजोर मांग के कारण गुरुवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 380 रुपए लुढक़कर एक सप्ताह से अधिक के निचले स्तर 26650 रुपए प्रति दस ग्राम पहुंची गया। तीन दिन में यह 925 रुपए उतर चुका है। वहीं, चांदी 770 रुपए फिसलकर लगभग तीन सप्ताह के न्यूनतम स्तर 34200 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। सोना लगातार तीसरे दिन गिरा है। चांदी चार दिन में 2400 रुपए टूट चुकी है। जानकारी के अनुसार बुधवार को सोना 1.3 प्रतिशत लुढक़ गया था, जो 20 जुलाई के बाद की सबसे बड़ी गिरावट है।
हालांकि, गुरुवार को कुछ वापसी करते हुए 3.3 डालर चढक़र यह 1126.7 डालर प्रति औंस पर पहुंच गया। अमरीकी सोना वायदा भी 0.40 डालर मजबूत होकर 1125 डालर प्रति औंस बोला गया। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि चीन समेत दुनिया के अन्य शेयर बाजारों में तेजी लौटने से सोने पर दबाव है, लेकिन इस बीच इन खबरों से कि अमरीकी फेडरल रिजर्व सितंबर में ब्याज दरें नहीं बढ़ा कर इसे इस साल बाद के लिए टाल सकता है, सोने को बल मिला है।
उनका कहना है कि सोमवार को दुनिया के तमाम शेयर बाजार जिस तरह अचानक धराशायी हो गए, उससे अमरीकी केंद्रीय बैंक यह सोच सकता है कि अभी ब्याज दरें बढ़ाने का उचित समय नहीं है। लंदन में चांदी 0.14 डालर की तेजी के साथ 14.23 डालर प्रति औंस पर पहुंच गई। कारोबारियों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई नरमी से दोनों कीमती धातुओं के भाव गिरे हैं। साथ ही डालर के रुपए की मजबूती का असर भी इन पर देखा गया है।