लंदन - इंग्लिश बल्लेबाज और एशेज में मैन आफ दि सीरीज रहे जो रूट को आस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी ट्वेंटी-20 और पांच वनडे मैचों की सीरीज के लिए इंग्लैंड क्रिकेट टीम में आराम दिया गया है, जबकि एशेज खिताब दिलाने वाले टेस्ट कप्तान एलेस्टेयर कुक को भी इस सीरीज से बाहर रखा गया है। आस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज में इंग्लैंड को मिली 3-2 की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले रूट 460 रन बनाकर मैन आफ दि सीरीज रहे थे।
लेकिन इंग्लैंड को पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी चुनौतीपूर्ण दौरे करने हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए 24 वर्षीय रूट को फिलहाल आराम दिया गया है। आस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी सीमित प्रारूप सीरीज में रूट के अलावा जेम्स एंडरसन तथा स्टुअर्ट ब्रॉड को भी इंग्लिश टीम में शामिल नहीं किया गया है। एंडरसन बगल में चोट के कारण फिलहाल टीम से बाहर हैं। दोनों ही खिलाडिय़ों ने इस वर्ष हुए आईसीसी विश्वकप के बाद से ही वनडे क्रिकेट नहीं खेला है।