नई दिल्ली - विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में हारने के बावजूद भारत की सायना नेहवाल गुरुवार को जारी हुई विश्व बैडमिंटन रैंकिंग में फिर से विश्व की नंबर एक महिला खिलाड़ी बन गई। सायना को पिछले रविवार को जकार्ता में विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में स्पेन की कैरोलिना मारिन के हाथों लगातार गेमों में हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन दिलचस्प है कि सायना हारने के बावजूद विजेता खिलाड़ी को पछाड़ फिर से शीर्ष पर पहुंच गई है। पहली बार विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल कर इतिहास रचने वाली देश की स्टार खिलाड़ी सायना 82792 रेटिंग अंक हासिल कर रैंकिंग में नंबर एक पर पहुंच गई।
जबकि लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन का खिताब जीतने वाली मारिन इस जीत के बावजूद अपने 80612 अंकों को ही बरकरार रख पाई हैं। इस बीच जकार्ता में क्वार्टरफाइनल तक पहुंची ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की विशेषज्ञ युगल जोड़ी अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 10वीं रैंक पर पहुंच गई है। हालांकि पीवी सिंधू (45690)को एक स्थान का नुकसान उठाना पड़ा है और वह विश्व की 14वीं रैंक खिलाड़ी बन गई हैं।