कोलंबो - ओपनर लोकेश राहुल (108) के शानदार शतक और कप्तान विराट कोहली (78) तथा रोहित शर्मा (79) के बेहतरीन अर्द्धशतकों से भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन गुरुवार को खराब शुरुआत से उबरते हुए छह विकेट पर 319 रन का मजबूत स्कोर बना लिया। रोहित शर्मा का विकेट गिरते ही दिन का खेल समाप्त घोषित कर दिया गया। रिद्धिमान साहा 19 रन बनाकर नाबाद लौटे। राहुल ने 190 गेंदों में 13 चौके और एक छक्का लगाया। करियर का चौथा मैच खेल रहे राहुल का यह दूसरा शतक है।
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारत की शुरुआत खराब रही। मुरली विजय खाता खोले बगैर, जबकि अजिंक्या रहाणे मात्र चार रन के निजी योग पर पैवेलियन लौट गए। 12 रन पर दो विकेट गंवा चुकी भारतीय टीम को इसके बाद राहुल और कप्तान विराट कोहली ने संभाल लिया। राहुल और कोहली ने तीसरे विकेट के लिए 164 रन की साझेदारी निभाई। पहले सत्र में जहां दो विकेट गिरे, वहीं दूसरे सत्र में रंगना हेराथ ने कोहली को पैवेलियन की राह दिखाई। कोहली ने 107 गेंदों पर आठ चौके और एक छक्के की मदद से 78 रन बनाए। वहीं, शतक लगाने के बाद लोकेश राहुल भी ज्यादा देर नहीं टिक सके। जब राहुल 108 रन पर थे तो दुष्मांता चमीरा की गेंद पर दिनेश चांदीमल ने उनका कैच लपका। इसके बाद स्टुअर्ट बिन्नी (10) बल्ले से संघर्ष करते नजर आए और हेराथ की गेंद पर चमीरा के हाथों लपके गए।