कोलंबो - टीम इंडिया गाले में श्रीलंका से पहला टेस्ट अप्रत्याशित रूप से हारने के झटके से अब तक उबर भी नहीं पाई थी कि उसे फार्म में चल रहे ओपनर शिखर धवन के चोट के कारण शेष दौरे से बाहर हो जाने से बड़ा झटका लगा है। बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने एक बयान में यह पुष्टि करते हुए सोमवार को बताया कि शिखर टीम इंडिया के शेष श्रीलंका दौरे से बाहर हो गए हैं। धवन को गाले में पहले टेस्ट के दौरान दाएं हाथ में चोट लगी थी। धवन के हाथ के और टेस्ट कराए जाने से इस बात की पुष्टि हुई है कि उनके हाथ में हेयरलाइन फ्रैक्चर है और इस चोट से उबरने में उन्हें चार से छह सप्ताह का वक्त लगेगा।
शिखर ने पहले टेस्ट में पहली पारी में शानदार 134 रन और दूसरी पारी में 28 रन बनाए थे। धवन ने श्रीलंका की दूसरी पारी के दौरान अधिकतर समय क्षेत्ररक्षण नहीं किया था। बीसीसीआई ने ओपनर शिखर धवन की जगह लेने के लिए किसी तरह की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। हालांकि आलराउंड स्टुअर्ट बिन्नी को बीसीसीआई ने रविवार को टीम के 16वें खिलाड़ी के रूप में शामिल किया था। बिन्नी के शामिल होने से इतना तय है कि भारत शेष सीरीज में 15 खिलाडिय़ों की टीम के साथ रहेगा। टीम निदेशक रवि शास्त्री ने धवन के शेष सीरीज से बाहर होने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि वह चोट के बावजूद खेले थे और उन्होंने साहसिक शतक बनाया था। धवन के बाहर होने से टीम इंडिया की मुश्किलों में इजाफा हो गया है।