मुबंई - बालीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और उनकी पत्नी जया भादुड़ी फिल्म ‘की एंड का’ में अतिथि की भूमिका निभाते नजर आएंगे। बालीवुड के जाने-माने निर्देशक आर बाल्की फिल्म ‘शमिताभ’ के बाद ‘की एंड का’ बनाने जा रहे हैं। फिल्म में अर्जुन कपूर और करीना कपूर की मुख्य भूमिका है। फिल्म में अमिताभ और जया बच्चन भी काम कर रहे हैं। अमिताभ बच्चन ने ब्लॉग पर ‘की एंड का’ के शॉट वाली कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं और लिखा, मैं काम कर रहा हूं।
मैं पत्नी के साथ काम कर रहा हूं। मैं आर बाल्की के लिए उनकी नई फिल्म में काम कर रहा हूं, जो वह करीना कपूर और अर्जुन कपूर के साथ बना रहे हैं। फिल्म नाम ‘की एंड का’ है। अमिताभ इससे पूर्व आर बाल्की के साथ फिल्म चीनी कम, पा और शमिताभ में काम कर चुके हैं। अमिताभ ने कहा कि उन्हें बाल्की की फिल्म का नाम रोचक लगा। अमिताभ ने कहा कि फिल्म में वह और जया अपनी असल जिंदगी की भूमिका में होंगे। उन्होंने कहा कि यह एक अतिथि भूमिका है, जहां हम अपने घर में अपनी ही भूमिका निभा रहे हैं। यह वह भूमिका नहीं है, जो आप तस्वीरों में देखते हैं।