नई दिल्ली - इंडिगो ने एक फिर बड़ी संख्या में हवाई जहाज खरीदने के लिए समझौता किया है। कंपनी ने सोमवार को एयरबस से 250 ए-320 एयरक्राफ्ट्स खरीदने का करार किया है। इस सौदे की कीमत करीब 26.50 अरब डालर है। हालांकि, अभी तक डिलीवरी शेड्यूल और सौदे की शर्तों का पता नहीं चल पाया है। इससे पहले इंडिगो ने 2005 में 100 और 2011 में 180 हवाई जहाज का आर्डर दिया था। ताजा सौदे को मिलाकर कंपनी कुल 530 विमानों का ऑर्डर दे चुकी है। इंडिगो के ताजा सौदे को जानकार मार्केट शेयर बढ़ाने की रणनीति के तौर पर देख रहे हैं। इतनी बड़ी खरीद पर इंडिगो के प्रेजिडेंट आदित्य घोष ने कहा कि एयरलाइंस इंडस्ट्री अगले कुछ सालों तक तेजी बढ़ेगी, जिसकी तैयारी कंपनी कर रही है। इंडिगो ने जारी बयान में कहा कि एयरबस के साथ एयरक्राफ्ट खरीद सौदे पर साइन किया गया है। दुनिया के सबसे बड़े एयरक्राफ्ट आर्डर के तहत गुडग़ांव स्थित इंडिगो ने पिछले साल अक्तूबर में 250 ए-320 नियो विमानों को खरीदने के लिए एमओयू साइन किया था।