नई दिल्ली - अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आई बढ़त के कारण बीते सप्ताह दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना स्टैंडर्ड 1025 रुपए तेज होकर 26200 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया, जो पिछले एक साल की सबसे बड़ी साप्ताहिक बढ़त है। चांदी हाजिर भी 1800 रुपए चमककर 36100 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। लंदन से जानकारी के अनुसार आलोच्य अवधि में सोना हाजिर 2.42 प्रतिशत मजबूत होकर 1117.1 डालर प्रति औंस पर पहुंच गया। लगातार सात साप्ताहिक गिरावट के बाद सोने में बढ़त दर्ज की गई है। इस बीच अमरीकी सोना वायदा भी 2.38 प्रतिशत बढ़त के साथ 1116.20 डालर प्रति औंस बोला गया।
बाजार विश्लेषकों के अनुसार बीते सप्ताह चीन द्वारा बिगड़ती अर्थव्यवस्था को संभालने के लिए अपनी मुद्रा युआन में चार प्रतिशत से अधिक का अवमूल्यन किए जाने से एशियाई शेयर बाजारों में गिरावट रही, जिससे निवेशकों ने सुरक्षित धातु का रुख किया। इस बीच प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डालर में कमजोरी आने से भी सोने को समर्थन मिला। हालांकि सप्ताहांत में चीन के केन्द्रीय बैंक द्वारा अब और अवमूल्यन नहीं करने का आश्वासन देने के बाद डॉलर में आई मजबूती एवं अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा अगले महीने ब्याज दर में बढ़ोतरी किए जाने की आशंका प्रबल होने से सोने पर दबाव रहा।
इस बीच चांदी हाजिर भी 4.53 प्रतिशत मजबूत होकर 15.43 डालर प्रति औंस पर पहुंच गई। इस बीच आठ ग्राम वाली गिन्नी भी 200 रुपए तेज होकर 22400 रुपए पर पहुंच गईर्। सिक्का लिवाली और बिकवाली भी दो-दो हजार रुपए तेज होकर क्रमश: 51 हजार रुपए और 52 हजार रुपए प्रति सैंकड़ा रहें। कारोबारियों ने बताया कि युआन के अवमूल्यन से विदेशी स्तर पर दोनों कीमती धातुओं को मजबूती मिली है।