गाले - भारत 15 अगस्त के ऐतिहासिक अवसर पर श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के चौथे दिन जीत हासिल करने और तीन टेस्टों की सीरीज में बढ़त बनाने के इरादे से उतरेगा। भारत को पहला टेस्ट जीतने के लिए 176 रन का लक्ष्य मिला है, जिसका पीछा करते हुए उसने शुक्रवार को तीसरे दिन के खेल की समाप्ति तक एक विकेट खोकर 23 रन बना लिए हैं। भारत को आजादी के पावन अवसर पर यह मैच जीतने के लिए अभी 153 रन और बनाने हैं। पहली पारी के शतकधारी ओपनर शिखर धवन 26 गेंदों में 13 रन बनाकर और नाइटवाचमैन इशांत शर्मा आठ गेंदों में पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं। शिखर ने दो और इशांत ने एक चौका लगाया।
ओपनर लोकेश राहुल (05) को लेफ्ट आर्म स्पिनर रंगना हेरात ने पगबाधा किया। इससे पहले विकेटकीपर दिनेश चादीमल ने विषम परिस्थतियों में नाबाद 162 रन की अपनी सर्वश्रेष्ठ पारी खेलकर न केवल श्रीलंका को पारी की हार से बचाया, बल्कि अपनी संघर्षपूर्ण पारी से मेहमान टीम को दूसरी पारी में 367 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया।आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने 28.2 ओवर में 114 रन पर चार विकेट लेकर मैच में अपने 10 विकेट पूरे किये। उन्होंने करियर में तीसरी बार एक टेस्ट में 10 विकेट हासिल किए। अश्विन ने पहली पारी में छह विकेट लिए। ऑफ स्पिनर ने नुवान प्रदीप को बोल्ड कर श्रीलंकाई पारी को 82.2 ओवर में 367 रन पर समेटा। मैच का तीसरा दिन पूरी तरह चांदीमल के नाम रहा, जिन्होंने 169 गेंदों पर नाबाद 162 रन की बेशकीमती पारी में 19 चौके और चार छक्के लगाए।
उनकी पारी के महत्त्व का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनका खुद का स्कोर 162 रहा, जबकि भारत को जीतने के लिए 176 रन का लक्ष्य मिला है। चांदीमल को लाहिरू थिरिमाने (44) और जेहान मुबारक (49) ने अच्छा साथ दिया। अश्विन के चार विकेट के अलावा लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने 17 ओवर में 61 रन पर तीन विकेट, ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने 17 ओवर में 73 रन पर एक विकेट, तेज गेंदबाज वरुण आरोन ने सात ओवर में 39 रन पर एक विकेट और इशांत शर्मा ने 13 ओवर में 77 रन पर एक विकेट लिया।