चेन्नई -कैलम फर्ग्युसन (नाबाद 45) और एडम जंपा (54) की आखिरी समय में धुआधार पारियों और इससे पहले एश्टन एगर (39 रन पर पांच विकेट) की जबरदस्त गेंदबाजी की बदौलत आस्ट्रेलिया-ए ने भारत-ए को यहां सोमवार को त्रिकोणीय सीरीज मुकाबले में तीन विकेट से पराजित कर लगातार अपनी तीसरी जीत दर्ज कर ली। भारत-ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आस्ट्रेलियाई टीम के सामने नौ विकेट पर 259 का मजबूत लक्ष्य रखा था, जिसके जवाब में मेहमान टीम ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए नौ गेंदे शेष रहते हुए 48.3 ओवर में सात विकेट पर 262 रन बनाकर जीत अपने नाम कर ली। इस जीत से आस्ट्रेलिया-ए को चार अंक मिले।
आस्ट्रेलियाई टीम की यह लगातार तीसरी जीत है, जिसने दक्षिण अफ्रीका-ए के खिलाफ अपने पहले मुकाबले में नौ विकेट से जीत दर्ज की थी, जबकि दूसरे मुकाबले में भारत ए को 119 रन से हराया था। भारत-ए की ओर से कर्ण शर्मा ने संतोषजनक गेंदबाजी की और 10 ओवर में 45 रन देकर सर्वाधिक तीन विकेट निकाले और ऋषि धवन को 38 रन देकर एक-एक विकेट मिला। इससे पहले भारत ने मयंक अग्रवाल के 61 रन और मनीष पांडे के 50 रन की बदौलत ने 50 ओवरों में नौ विकेट पर 258 का मजबूत स्कोर बनाया।