गाले - हैमस्ट्रिंग की चोट से जूझ रहे भारतीय ओपनर मुरली विजय श्रीलंका के खिलाफ बुधवार से शुरू हो रहे पहले टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। टीम इंडिया के निदेशक रवि शास्त्री ने सोमवार को इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि मुरली विजय अभी चोट से पूरी तरह नहीं उबर पाए हैं, इसलिए वह बुधवार से शुरू हो रहे पहले टेस्ट में नहीं खेल पाएंगे। बारिश के मौसम में मैदान में फिसलन की संभावना अधिक हो जाती है, ऐसे में हम मुरली को खेलाने का जोखिम नहीं उठा सकते हैं। 31 वर्षीय मुरली जिम्बाब्वे दौरे के दौरान चोटिल हो गए थे। कप्तान विराट कोहली ने श्रीलंका में अभ्यास मुकाबले से पहले ही मुरली के फिट होने की उम्मीद जताई थी।
शानदार फार्म में चल रहे मुरली के बाहर हो जाने से भारत के सामने समस्या खड़ी हो गई है। हालांकि टीम में शिखर धवन और लोकेश राहुल उनके नहीं रहने की स्थिति में उपयुक्त सलामी जोड़ी साबित हो सकते हैं। राहुल ने सिडनी में अपने दूसरे टेस्ट में ही 110 रन की पारी खेल कर संभावनाओं को मजबूत कर लिया था। हालांकि विजय के पहले टेस्ट से बाहर होने से टीम इंडिया को झटका जरूर लगा है। करियर में 32 टेस्ट मैचों में छह शतकों की बदौलत 2338 रन बना चुके मुरली बढिय़ा फार्म में चल रहे हैं। वह विश्व कप से पहले आस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज में विराट कोहली के बाद सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी थे।