फ्रैंकफर्ट/हेल्सिंकी - विश्व की सबसे बड़ी मोबाइल फोन निर्माता कंपनी रह चुकी नोकिया हैंडसेट निर्माण के कारोबार में पुन: वापस आने की तैयारी कर रही है। कंपनी इसके लिए सॉफ्टवेयर विशेषज्ञों की बहाली, नए उत्पादों का परीक्षण एवं बिक्री के लिए सहभागियों की तलाश कर रही है। कंपनी सूत्रों ने बताया कि राजीव सूरी के कंपनी के प्रमुख बनने के बाद से ही हैंडसेट कारोबार में वापसी करने की योजना शुरू हो गई है। कंपनी ने 2013 में अपना हैंडसेट कारोबार माइक्रोसॉफ्ट को बेच दिया था और इसके साथ ही तीन साल तक इस व्यवसाय में प्रतिस्पर्धा नहीं करने का भी अनुबंध था। कंपनी इस अनुबंध के खत्म होते ही वापसी करने की तैयारी में है।
कंपनी ने हाल ही में वर्चुअल-रियलिटी कैमरा लांच किया है और उसे नोकिया के पुनर्जन्म की तरह प्रचारित किया गया है। उसने एक नया एंड्रायड टैबलेट एन-वन भी बनाया, जो जनवरी से चीन में बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। वह एंड्रायड ऐप जेड लांचर भी पेश कर चुकी है। कंपनी ने हाल ही में अपने आपरेटिंग सिस्टम में विशेषज्ञता रखने वाले कई साफ्टवेयर विशेषज्ञों की बहाली के लिए कैलिफोर्निया में लिंक्डइन पर विज्ञप्ति जारी की है। उसकी तकनीकी इकाई मोबाइल फोन सतेम कई अन्य नए उपभोक्ता उत्पादों के डिजाइन पर काम कर रहे हैं।