नयी दिल्ली - फ्रांस के खिलाफ 2-0 से जीत हासिल कर जोश से भरी भारतीय पुरुष हाकी टीम सोमवार को स्पेन के खिलाफ 3 मैचों की सीरीज के ओपनिंग मुकाबले में जीत के साथ अपने अभियान को आगे बढ़ाने के इरादे से उतरेगी। स्पेन के खिलाफ मुकाबले से पहले टीम के मुख्य कोच रोलैंट ओल्टमैंस ने कहा, ‘फ्रांस के खिलाफ 2-0 से जीत हासिल कर टीम का आमत्मविश्वास बुलंदियों पर है। खिलाडिय़ों ने पिछले मुकाबलों में हुयी गलतियों से सबक लेते हुये खेल में काफी सुधार किया है।
हमारा डिफेंस काफी मजबूत है। हमें उम्मीद है कि हम अपना विजयी अभियान आगे बढ़ाते हुये मैच में जीत हासिल करेंगे। टीम इस समय अपनी सर्वश्रेष्ठ फार्म में है।’ स्पेन के खिलाफ मुकाबले के लिये टीम की तैयारियों के बारे में कप्तान सरदार सिंह ने कहा कि फ्रांस के खिलाफ जीत से टीम का मनोबल बढ़ा है। हमने डिफेंस, आक्रमण और गेंद को ज्यादा से ज्यादा समय तक अपने कब्जे में रखने संबधी रणनीतियों में कड़ी मेहनत की है। हमें उम्मीद है कि कल का मुकाबला जीतकर हम अपनी जीत की लय को बरकरार रखेंगे।’