नई दिल्ली - अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी नरमी के दबाव में बीते सप्ताह दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना स्टैंडर्ड 125 रुपए कमजोर होकर 25175 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया, जो लगातार सातवीं साप्ताहिक गिरावट है। वहीं, चांदी हाजिर इस अवधि में 34300 रुपए प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही। लंदन से प्राप्त जानकारी के अनुसार आलोच्य अवधि में सोना हाजिर 0.2 प्रतिशत कमजोर होकर 1090.61 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। विदेशों में भी यह लगातार सातवें सप्ताह लुढक़ा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में 16 साल बाद यह लगातार सात सप्ताह गिरा है।
इससे पहले 1999 में मई-जून के दौरान भी इसमें लगातार सात सप्ताह गिरावट दर्ज की गई थी। इस बीच अमरीकी सोया वायदा 9.20 डालर चमककर 1090.20 डालर प्रति औंस बोला गया। बाजार विश्लेषकों के अनुसार अमरीकी फेडरल रिजर्व द्वारा इस साल ब्याज दर में बढ़ोत्तरी करने की संभावना से सोने पर लगातार दबाव रहा है। बीते सप्ताह भी इस कारण पीली धातु की चमक फीकी रही। अमरीका में रोजगार के मजबूत आंकड़े आने से फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर बढ़ाने की संभावना मजबूत हुई है।