नई दिल्ली - रिजर्व बैंक के गवर्नर रघुराम राजन ने बुधवार को कहा कि केंद्रीय बैंक ब्याज दरों में तभी कटौती करेगा जब उसे यह भरोसा हो जायेगा कि ब्याज घटने के बावजूद महंगाई छह प्रतिशत से नीचे रहेगी। श्री राजन ने कहा कि ब्याज दरों में तभी कटौती की जाएगी, जब हमें यह भरोसा हो जाएगा कि इस कमी के बावजूद महंगाई छह फीसदी से नीचे रहेगी। रिजर्व बैंक ने जनवरी 2016 तक खुदरा महंगाई छह फीसदी तक रखने का लक्ष्य रखा है। श्री राजन ने कहा कि महंगाई के रिजर्व बैंक के अनुमान से कम रहना चाहिए। इसी से पता चलेगा कि हम ब्याज दरों में कितनी कटौती कर सकते हैं।
रिजर्व बैंक ने चालू वित्त वर्ष की ऋण एवं मौद्रिक नीति की तीसरी द्विमासिक समीक्षा में मंगलवार को नीतिगत दरों को यथावत बनाये रखा था, लेकिन उसने वृहद आर्थिक आंकड़ों के आधार पर 29 सितंबर को चौथी द्विमासिक समीक्षा से पहले भी ब्याज दरों में कमी किये जाने का संकेत दिया। रिजर्व बैंक जनवरी से अब तक तीन बार में नीतिगत दर रेपो रेट में 0.75 प्रतिशत की कमी कर चुका है। गवर्नर ने कहा कि लोगों में ऐसी धारणा है कि दूध और सब्जियों की वजह से महंगाई बढ़ रही है, जो चिंता की बात है।