मुबंई - बालीवुड के दिवंगत पार्श्व गायक किशोर कुमार की पोती मुक्तिका गांगुली पार्श्व गायिका बनना चाहती हैं। अमित कुमार की पुत्री और किशोर कुमार की पोती मुक्तिका अपने दादा की विरासत को आगे बढ़ाने की राह पर चल पड़ी हैं। मुक्तिका ने कहा कि मैं अभी संगीत सीख रही हूं और गायकी को अपना भविष्य बनाना चाहती हूं। अमित कुमार ने कहा कि मुझे खुशी है की मेरी बेटी मेरे पिता की विरासत को आगे बढ़ाना चाहती है। मुक्तिका ने अपने पिता अमित कुमार के साथ एक गाना गया है, जिसके बोल हैं बाबा मेरे। यह गाना छह गानों से सजे एक एलबम के लिए है और इस एलबम का नाम भी ‘बाबा मेरे’ है। अमित कुमार इस एलबम को चार अगस्त को किशोर कुमार के जन्मदिन के मौके पर एक कार्यक्रम के दौरान रिलीज करेंगे।