हरारे - क्रेग इर्विन के नाबाद शतक (130 रन) की बदौलत जिम्बाब्वे ने विश्व कप उपविजेता न्यूजीलैंड को पहले वनडे में सात विकेट से करारी मात दी। जिम्बाब्वे ने रविवार को टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी को उतरी कीवी टीम ने रोस टेलर (नाबाद 112) और कप्तान केन विलियम्सन (97) की शानदार पारियों की बदौलत 303 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे टीम की शुरुआत धमाकेदार रही और सलामी जोड़ी ने 74 रन की साझेदारी की।
चिभाभा (42) के आउट होने के बाद इर्विन मैदान में उतरे और फिर जमकर कीवी गेंदबाजों की धुनाई की। उन्होंने मस्कादजा के साथ शतकीय साझेदारी की और टीम को 49 ओवर में तीन विकेट पर ही जीत दिला दी। इर्विन ने 108 गेंदों में पांच छक्कों और 11 चौक्कों की मदद से नाबाद 130 रन ठोंके। मस्काद्जा ने 99 गेंदों में 84 रन की पारी खेली। इसके अलावा चिंगुबुरा ने 26 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से सिर्फ नाथन मैक्कुलम ही तीन विकेट ले पाए।