नई दिल्ली - वैश्विक बाजार और दिल्ली सर्राफा बाजार दोनों में पिछले सप्ताह सोने की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखा गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जहां आखिरी दिन 1.6 प्रतिशत चढऩे के कारण यह बढ़त में रहा, वहीं स्थानीय बाजार में यह लगातार छठे सप्ताह गिरावट में रहा। सप्ताह के दौरान सोना 100 रुपए लुढक़कर 25300 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी 250 रुपए चढक़र 34300 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई।
वैश्विक स्तर पर लंदन और न्यूयार्क में पीली धातु गिरावट का सिलसिला तोड़ते हुए 2.11 डालर चढक़र 1098.40 डालर प्रति औंस पर पहुंच गई। सप्ताह के दौरान यह 1081 डालर प्रति औंस तक भी उतरी और सप्ताहांत में बीच सत्र तक भी लगता रहा कि यह गिरावट में रहेगी। अमरीका सोना वायदा भी 9.40 डालर चढक़र 1094.90 डालर प्रति औंस रहा।