चेन्नई - स्टीव ओ कीफे (चार विकेट) और गुरिंदर संधू के (चार विकेट) की धमाकेदार गेंदबाजी और उसके बाद उस्मान ख्वाजा की नाबाद 41 रन की पारी की बदौलत आस्ट्रेलिया-ए ने भारत ए को दूसरे गैर आधिकारिक टेस्ट के चौथे और आखिरी दिन यहां शनिवार को 10 विकेट से पीटकर दो मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। आस्ट्रेलियाई टीम ने सुबह पहले भारत ए को उसकी दूसरी पारी में 88.3 ओवर में 274 के स्कोर पर ढेर कर दिया।
इसके बाद आस्ट्रेलिया ए ने अपनी दूसरी पारी में मात्र 61 रनों के लक्ष्य को 6.1 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 62 रन बनाकर पूरा कर लिया और मैच तथा सीरीज 1-0 से जीत ली। कैमरन बेनक्राफ्ट ने नाबाद 21 और कप्तान उस्मान ख्वाजा ने नाबाद 41 रन बनाकर पहले विकेट के लिए 62 रन की मैच विजयी अविजित साझेदारी की। आस्ट्रेलिया ए की ओर से संधू ने 21 ओवर में 76 रन देकर करुण नायर, बाबा अपराजित, श्रेयस गोपाल और वरूण आरोन को अपना शिकार बनाया, जबकि कीफे ने 30.3 ओवर में 88 रन देकर विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, नमन ओझा और शार्दुल ठाकुर को पवेलियन भेजा।
एश्टन एगर को 71 रन पर एक विकेट मिला। एगर ने अभिनव मुकुंद को आउट किया। भारत-ए ने शनिवार सुबह अपनी पारी को कल के 267 रन पर छह विकेट से आगे बढ़ाया। उस समय अपराजित 28 और गोपाल शून्य पर नाबाद थे, लेकिन भारतीय टीम केवल 5.3 ओवर तक ही आगे खेल सकी और उसके बाकी चार बल्लेबाज मात्र सात रन ही जोड़ सके ओर पूरी टीम 274 पर ढेर हो गई।