नई दिल्ली - दिग्गज टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल के चेयरमैन को वित्त वर्ष 2014-15 में बतौर पैकेज 27.17 करोड़ रुपये मिले। यह राशि कंपनी के कर्मचारी को मिलने वाले औसत वेतन का 324 गुना है। वैसे, मित्तल को मिलने वाले कुल पारिश्रमिक में 2.52 फीसद की कमी आई है। वित्त वर्ष 2013-14 में यह 27.88 करोड़ रुपये था। उनके परफॉर्मेस लिंक्ड इंसेंटिव में तेज कमी के चलते ऐसा हुआ। यह 13.5 करोड़ रुपये से घटकर 8.25 करोड़ रुपये हो गया। अन्यथा उनके वेतन और भत्ते 2014-15 में करीब दोगुने बढक़र 18.46 करोड़ रुपये हो गए।
मित्तल का वेतन कंपनी के कर्मियों की तुलना में 323.63 गुना रहा। बीते वित्त वर्ष के लिए अपनी वार्षिक रिपोर्ट में कंपनी ने यह ब्योरा दिया। वित्त वर्ष 2014-15 में कर्मचारियों के औसत वेतन में 2.3 फीसद की कमी आई है। 31 मार्च, 2015 तक कंपनी के रोल पर स्थायी कर्मचारियों की संख्या 9,202 थी। कॉरपोरेट गवर्नेस से जुड़े सेबी के नए नियमों के तहत सभी सूचीबद्ध कंपनियों के लिए इन अनुपातों का खुलासा करना अनिवार्य किया गया है।