चेन्नई - स्टार बल्लेबाज विराट कोहली श्रीलंका दौरे के लिए बुधवार से आस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ अपनी तैयारियां परखेंगे। भारतीय टेस्ट कप्तान चार दिवसीय गैर आधिकारिक टेस्ट में भारत-ए के लिए पुजारा के नेतृत्व में उतरेंगे। भारत-ए और आस्ट्रेलिया-ए के बीच पहला गैर आधिकारिक टेस्ट ड्रा समाप्त हुआ था। भारत को श्रीलंका दौरे पर 12 अगस्त से शुरू हो रही तीन टेस्टों की सीरीज खेलनी है। इस सीरीज के लिए युवा टेस्ट कप्तान विराट ने टीम चयन के दौरान खुद चयनकर्ताओं से गैर आधिकारिक टेस्ट में शामिल किए जाने का आग्रह किया था, ताकि वह अपनी तैयारियों को परख सकें।
इसके अलावा यह मैच चार साल बाद टेस्ट टीम में वापसी करने वाले लेग स्पिनर अमित मिश्रा के लिए भी काफी अहम होगा। भारत-ए के कप्तान पुजारा और बल्लेबाज लोकेश राहुल भी टेस्ट सीरीज का हिस्सा हैं और इस मैच को मुख्य सीरीज से पहले इन खिलाडिय़ों के लिए अहम अभ्यास मैच माना जा रहा है। मिश्रा ने आस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ पहले मैच में 55 रन पर पर तीन विकेट लेकर बेहतरीन प्रदर्शन किया था और टीम में अपनी उपयोगिता को साबित किया था, जबकि पुजारा और राहुल का प्रदर्शन भी संतोषजनक रहा था। भारत-ए के बल्लेबाजों ने पहले मैच में पहली और दूसरी पारी में अच्छा प्रदर्शन किया था और ओपनर राहुल ने 96 और 29 रन की अहम पारियां खेली थी जबकि पुजारा ने 55 और 42 रन का अहम योगदान दिया था और उम्मीद है कि श्रीलंका दौरे में वह एक बार फिर रनों के लिहाज से अहम साबित होंगे।
लेग स्पिनर अमित मिश्रा के लिए भी यह एक अच्छा मौका होगा कि वह चयनकर्ताओं को यह दिखाएं कि उन्हें टीम में शामिल करने का निर्णय फायदेमंद साबित होगा। श्रीलंका एक बेहतरीन टीम है और उसे उसी की जमीन पर हराना भारतीय टीम के लिए आसान नहीं होगा। ऐसे में जरूरी है कि प्रत्येक खिलाड़ी अपना योगदान दे सके।