हम्बनतोता - ओपनर कुशल परेरा (116) के शतक के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से श्रीलंका ने पांचवें व अंतिम वनडे मैच में पाकिस्तान को 165 रन से करारी शिकस्त दी। श्रीलंका ने चार विकेट पर 368 रन बनाने के बाद पाकिस्तान टीम को 203 रन पर रोक दिया। पाकिस्तान के लिए सर्वाधिक 37 रन मोहम्मद हफीज ने बनाए। श्रीलंका के लिए सचित्र सेनानायके ने तीन और तिसारा परेरा ने दो विकेट झटके। इससे पूर्व परेरा और तिलकरत्ने दिलशान (62) ने 164 रन जोड़ श्रीलंका को मजबूत शुरूआत दी। इनके बाद एंजेलो मैथ्यूज (नाबाद 70) व मिलिंदा श्रीवर्द्धना (नाबाद 52) ने शानदार पारियां खेलीं। श्रीलंका श्रृंखला पहले ही गंवा चुका था लेकिन उसने आखिर में जीत के साथ श्रृंखला का अंत किया। श्रीलंका की तरफ से आफ स्पिनर सचित्रा सेनानायके सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 39 रन देकर तीन विकेट लिए। तिसारा परेरा ने 38 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
मैथ्यूज, श्रीवर्धना और लाहिरू गमागे ने एक . एक विकेट लिया। पाकिस्तान ने इस तरह से यह श्रृंखला 3-2 से जीती। इससे वह आईसीसी रैकिंग में वेस्टइंडीज से आगे बढऩे में सफल रहा जिससे उसकी आईसीसी चैंपियन्स ट्राफी के लिए क्वालीफाई करने की संभावना बढ़ गई है।
इस दौरान दिलशान ने वनडे क्रिकेट में 10 हजार रन पूरे कर लिए। वे 10 हजार या उससे अधिक रन बनाने वाले 11वें और श्रीलंका के चौथे खिलाड़ी बन गए हैं। दिलशान ने अब तक 319 मैचों में 22 शतकों और 45 अर्द्धशतकों की मदद से 10008 रन बनाए हैं।