नई दिल्ली - श्रीलंका के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए विराट की सेना का गुरुवार को ऐलान हुआ। इस घोषणा के साथ ही ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह की तरह लेग स्पिनर अमित मिश्रा के भाग्य का छींका भी फूट गया है और उन्हें चार साल के लंबे अंतराल के बाद भारतीय टीम में शामिल कर लिया गया है। राष्ट्रीय चयनकर्ता प्रमुख संदीप पाटिल और बीसीसीआई के सचिव अनुराग ठाकुर ने श्रीलंका के खिलाफ 12 अगस्त से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए गुरुवार को 15 सदस्यीय भारतीय टीम घोषित की, जिसमें लेग स्पिनरमिश्रा को जगह दी गई है।
भारतीय टीम में यही एकमात्र परिवर्तन है। मिश्रा को लेग स्पिनर कर्ण शर्मा की जगह टीम में जगह मिली है, जो जून में बांग्लादेश में एकमात्र टेस्ट में भारतीय टीम के साथ गए थे। मिश्रा के शामिल होने से भारतीय टीम में अब ऑफ स्पिनरों रविचंद्रन अश्विन और हरभजन सिंह के साथ लेग स्पिनर मिश्रा की मौजूदगी से अनुभवी स्पिन आक्रमण हो गया है। ओपनर लोकेश राहुल डेंगू बुखार के कारण बांग्लादेश में एकमात्र टेस्ट में नहीं खेल सके थे, लेकिन श्रीलंका दौरे के लिए उन्हें टीम का हिस्सा बनाया गया है। बांग्लादेश टेस्ट में राहुल की जगह शिखर धवन उतरे थे और उन्होंने शानदार शतक जड़ अपनी वापसी सार्थक की थी।
राहुल के लौटने से भारत के पास अब शिखर, मुरली विजय और राहुल तीन ओपनर हो गए हैं। स्टार क्रिकेटर विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया में सात विशेषज्ञ बल्लेबाजों को भी शामिल किया गया है। विजय, शिखर, राहुल, विराट, रहाणे, रोहित शर्मा और भारत-ए टीम के कप्तान चेतेश्वर पुजारा जैसे विशेषज्ञ बल्लेबाजों को टीम में जगह मिली है। तेज गेंदबाज उमेश यादव, इशांत शर्मा, भुवनेश्वर कुमार और इन्फ्लुएंजा बीमारी से उबरे तेज गेंदबाज वरुण आरोन को 15 सदस्यीय दल का हिस्सा बनाया गया है। युवा बल्लेबाज रिद्धिमान साहा विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे।
यह पूछने पर कि टीम में कोई रिजर्व विकेटकीपर नहीं रखा गया है तो मुख्य चयनकर्ता संदीप पाटिल ने कहा कि हमने एक वैकल्पिक विकेटकीपर नामित कर रखा है और यदि कोई समस्या होती है तो उसे दौरे पर भेज दिया जाएगा। टीम- विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, मुरली विजय, लोकेश राहुल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्या रहाणे, रोहित शर्मा, रिद्धिमान साहा, हरभजन सिंह, रविचंद्रन अश्विन, उमेश यादव, इशांत शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, अमित मिश्रा और वरुण आरोन।