हरारे - वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप के बाद ट्वेंटी-20 सीरीज में भी 1-0 की बढ़त बना चुकी भारतीय युवा क्रिकेट टीम जिम्बाब्वे की जमीन पर रविवार को दूसरे और आखिरी मुकाबले में भी जीत के साथ क्लीन स्वीप करने और यहां से विजयी विदाई के इरादे से उतरेगी। युवा कप्तान अजिंक्या रहाणे के नेतृत्व में टीम इंडिया ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप की थी, जबकि पहले ट्वेंटी-20 मैच में 54 रन के अंतर से जीत दर्ज कर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
रविवार को होने वाले दूसरे और आखिरी ट्वेंटी-20 मैच में अब टीम की निगाहें जीत दर्ज कर इस प्रारूप में भी 2-0 से न सिर्फ क्लीन स्वीप करने पर लगी है, बल्कि उसका लक्ष्य जिम्बाब्वे में अपराजेय रहने की उपलब्धि दर्ज कर यहां से विजयी विदाई लेना है। पिछले मैच में टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संतोषजनक प्रदर्शन किया। दिलचस्प बात यह है कि इस मैच में कुल सात पदार्पण खिलाड़ी थे , जिनमें अकेले भारतीय टीम की ओर से स्टुअर्ट बिन्नी, केदार जाधव, मनीष पांडे, अक्षर पटेल और संदीप शर्मा सहित पांच खिलाडिय़ों ने ट्वेंटी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा।
इनमें से गेंदबाज अक्षर ने चार ओवरों में 17 रन पर सर्वाधिक तीन विकेट निकाले और अपने पदार्पण मैच में मैन आफ दि मैच बनने की उपलब्धि भी हासिल की। इससे पहले वनडे सीरीज में भी अच्छा प्रदर्शन कर चुके अक्षर से आखिरी मैच में भी इसी प्रदर्शन को दोहराने की उम्मीदें होंगी। इसके अलावा अनुभवी आफ स्पिनर हरभजन सिंह ने भी दो विकेट लेकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। लंबे समय बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर रहे हरभजन का ट्वेंटी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी अच्छा रिकार्ड रहा है और उन्होंने अभी तक 26 मैचों में 25.08 के औसत से 24 विकेट निकाले हैं।
टीम के अन्य खिलाडिय़ों की तुलना में भज्जी काफी अनुभवी हैं और दूसरे मैच में एक बार फिर उनकी अहमियत रहेगी। इसके अलावा तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार, मोहित शर्मा ,स्टुअर्ट बिन्नी भी गेंदबाजी विभाग में अहम साबित होंगे। वनडे सीरीज में कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके बल्लेबाज राबिन उथप्पा ने भी पिछले मैच में काफी अच्छा प्रदर्शन किया और नाबाद 39 रन की सबसे अहम पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।