मुंबई - देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कम्पनी मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) इस वित्त वर्ष के अंत तक करीब 2500 रिलेशनशिप मैनेजर्स की भर्ती करेगी। ये भर्तीयां मारुति की नई शोरूम ब्रांड नेक्सा के लिए की जाएंगी। नेक्सा ऑउटलेट्स पर केवल प्रीमियम कार मॉडल्स ही बेचे जाएंगे। इसकी शुरूआत मारुति एस-क्रॉस से होगी।
मारुति के कार्यकारी निदेशक आर एस कलशी के मुताबिक इस वित्त वर्ष के अंत तक कम्पनी 100 नेक्सा आउटलेट्स खोलेगी जिसके लिए करीब 2500 रिलेशनशिप मैनेजर्स की भर्ती की जाएगी। शुरूआती चरण में 35-40 आउटलेट्स खोले जाएंगे और इसके लिए 1000 से ज्यादा मैनेजर्स की भर्ती की जा चुकी है।
मारुति होस्पिटेलिटी, एविएशन और फाइनेंशियल सर्विसेज जैसे सेक्टर्स से जुड़े लोगों की भर्तियां कर रही है। ऐसे नए लोग मारुति के विशेष ग्राहकों को लक्जरी कार खरीदने का अलग ही अहसास करवांगे। कलशी के मुताबिक देश के करीब 30 शहरों में जहां से कम्पनी की प्रिमियम कार्स की 78-80 फीसदी बिक्री होती है, ऐसे शहरों में भी नेक्सा आउटलेट खोले जाएंगे।
मारुति अपनी नई प्रीमियम कार एस-क्रॉस को अगस्त के पहले सप्ताह में लांच करेगी। इसकी शुरूआती कीमत करीब 8 लाख रुपए हो सकती है। 1.6 लीटर और 1.3 लीटर के डीजल इंजन के साथ पेश होने वाली इस कार की बुकिंग शुरू की जा चुकी है। बताया जाता है कि कम्पनी डीजल के साथ 1.5 लीटर का पेट्रोल इंजन वाला ऑप्शन भी पेश किया जाएगा।